Thursday, February 19, 2026

भाजपा के चारों विधानसभा के प्रत्याशियों ने नामांकन किया दाखिल,किया जमकर शक्ति प्रदर्शन

Must Read

भाजपा के चारों विधानसभा के प्रत्याशियों ने नामांकन किया दाखिल,किया जमकर शक्ति प्रदर्शन

 

नमस्ते कोरबा। जिले में चुनावी माहौल पूरी तरह दिख रहा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन रैली के बहाने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद चर्चा करते हुए सभी प्रत्याशियों ने कांग्रेस की रीति-नीति की जमकर आलोचना की।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा के सभी प्रत्याशियों को शुक्रवार को एक साथ नामांकन दाखिल करना था। इसी क्रम में घंटाघर चौक पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सहित आम लोग एकत्र हुए जहां पर भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन, ननकीराम कंवर, प्रेमचंद पटेल व रामदयाल उईके सहित वरिष्ठजन वाहन में सवार हुए।

दोपहर में यह काफिला घंटाघर मैदान के सामने से प्रारंभ हुआ जो कोसाबाड़ी तक रैली की शक्ल में पहुंचा। इस दौरान पूरे मार्ग में पार्टी का झंडा को हाथ में लिए कार्यकर्ता जोश में दिखाई दिए। गगनभेदी नारे और करमा दलों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशियों के जीत को लेकर आश्वस्त दिखे। लगभग एक घंटे का सफर तय कर सभी प्रत्याशी कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां पर सभी ने अपने-अपने निर्धारित कक्ष में जाकर विधिवत नामांकन दाखिल किया।

रैली के पूर्व सभा को संबोधित करते हुए रामपुर के प्रत्याशी ननकीराम कंवर ने कहा कि कांग्रेस की इस भ्रष्टाचारी सरकार को बदलने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहे। 5 वर्ष से विकास कार्य रूका हुआ है जिसे आगे बढ़ाना है। इस सरकार के मंत्री सहित अधिकारी बड़े-बड़े घोटालों में शामिल रहे जिसकी वजह से अनेक अधिकारियों को जेल जाना पड़ा। कोरबा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारा है उसने मंत्री बनते ही करोड़ों रुपए का आय अर्जित कर लिया है यह सब कैसे हुआ, यह सब जानते हैं।

कहने का आशय यह है कि जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। इसी तरह नगर निगम में पिछले 10 वर्षों से विकास कार्य ठप है। नई परियोजनाओं पर कार्य नहीं किया गया है। उनका कहना है कि जब वे महापौर थे तब उन्होंने श्रमिक बस्तियों सहित पूरे शहर में विकास कार्यों का जाल बिछाया था। पाली-तानाखार के प्रत्याशी रामदयाल उईके ने कहा कि कांग्रेस की इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहे।

कांग्रेस के खिलाफ जमकर माहौल है। सभी वर्ग के लोग इनके कामकाज से दुखी है। ऐसे में संभावना है कि सभी चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत होगी। कटघोरा प्रत्याशी प्रेमचंद पटेल ने कहा कि वे इन दिनों गांव-गांव में घूम रहे है लेकिन कहीं पर भी विकास कार्य नहीं दिख रहा है। यहां के विधायक ने ऐसा कोई कार्य नहीं किया है जिसे लेकर वे जनता के समक्ष जा सके।

इसका पूरा फायदा भाजपा को मिलेगा। इसलिए सभी कार्यकर्ता गांव-गांव भ्रमण कर चुनाव प्रचार करें। बहरहाल भाजपा ने पूरे दम-खम के साथ प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करा दिया है। जिस तरह से लोगों में पार्टी के प्रत्याशी उत्साह दिखा, संभावना है कि आने वाला कल पार्टी के लिए काफी बेहतर होगा क्योंकि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर पार्टी के नेता काफी गदगद है।

इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा के संभागीय प्रभारी अनुराग सिंहदेव, कोरबा के सह प्रभारी गोपाल साहू, पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, वरिष्ठ नेता जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, देवेन्द्र पाण्डेय, नवीन पटेल, आरपीएस त्यागी, रितु चौरसिया, हितानंद अग्रवाल सहित महिला मोर्चा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व पांचों मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री व कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी : मुण्डा

कार्यक्रम में देरी से पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में जो माहौल दिख रहा है उससे प्रतीत हो रहा है कि यहां पर भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस में सर्वत्र भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यहां की जनता भाजपा के पूर्व के 15 वर्ष के कामकाज को याद कर रही है और 5 साल के कांग्रेस के कार्यकाल से ऊब चुकी है, ऐसे में यह बदलाव का संकेत है। बताया गया है कि श्री मुण्डा नामांकन रैली में शामिल होने वाले थे लेकिन चिरमिरी में आयोजित कार्यक्रम में देरी होने की वजह से वे समय पर नहीं पहुंच सके।

 

- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,550SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

शोक समाचार : पत्रकार श्रवण साहू नहीं रहे,शुक्रवार को अंत्येष्टि

शोक समाचार : पत्रकार श्रवण साहू नहीं रहे,शुक्रवार को अंत्येष्टि नमस्ते कोरबा। वरिष्ठ पत्रकार एवं कोरबा प्रेस क्लब के सदस्य...

More Articles Like This

- Advertisement -