भूपेश सरकार की वादा खिलाफी के कारण पेण्ड्रा बाईपास सड़क निर्माण का काम अधर में लटका – अमित जोगी
*गौरेला पेंड्रा मरवाही* :- जिले में भूपेश सरकार के किए गये घोषणाओं का क्रियान्वयन नहीं होने के खिलाफ जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के द्वारा पूर्व विधायक अमित जोगी के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
मल्टी परपज स्कूल के पास, पौनी पसारी परिसर पेण्ड्रा में किए गए धरना प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कहा कि प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार ने 2018 के चुनाव में जन घोषणा पत्र में किए गए वादे के कारण पेण्ड्रा बाईपास रोड का निर्माण रुक गया है। इन्होंने जन घोषणा पत्र में वादा किया था कि अधिग्रहित की गई भूमि का चार गुना मुआवजा देंगे जो कि 2013 से लागू होगा। इस तरह से मार्ग के लिए स्वीकृत राशि 54 करोड़ के अलावा मुआवजे की कई करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि इनके द्वारा लोक निर्माण विभाग में जमा नहीं करने के कारण बाईपास रोड का निर्माण अधर में लटक गया है।
*भूपेश सरकार को याद दिलाए वादे..*
इससे जहां एक ओर सड़क जाम और आए दिन दुर्घटना से नागरिक परेशान हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अधिग्रहित भूमि का मुआवजा राशि नहीं मिलने से किसान नाराज हैं। कांग्रेस के जन घोषणा पत्र के अन्य वादों को याद दिलाते हुए अमित जोगी ने कहा कि पिछली सरकार का किसानों के धान का 2 वर्ष का बोनस देने का वादा के साथ बेरोजगारो को 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता,चावल के साथ कम रेट में दाल और तेल,फ्री में सभी का इलाज, भूमिहीन परिवार को घर बाड़ी के लिए जमीन, आवासहीनो को दो कमरे का पक्का मकान,बेजा कब्जा धारी को जमीन का पट्टा,वन अधिकार पट्टा, दैनिक वेतन भोगियों का नियमितीकरण,हर ब्लॉक में फूड पार्क निर्माण,गजराज परियोजना सहित अन्य वादे याद दिलाए। वही कार्यक्रम समापन उपरान्त अमित जोगी ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर रिचा चन्द्राकर को सौपा।
*संवाददाता : सुमित जालान*









