दंतेल हाथी ने रोका डीजल टैंकर, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान,कटघोरा वन मंडल के नेशनल हाईवे पर आधे घंटे तक मचा हड़कंप
नमस्ते कोरबा : कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क पार कर रहे एक दंतेल हाथी ने डीजल टैंकर का रास्ता रोक दिया। हार्न की आवाज सुनते ही हाथी टैंकर की ओर दौड़ पड़ा। घबराए चालक ने वाहन को पीछे लेने का प्रयास किया, लेकिन टैंकर का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया।
स्थिति बिगड़ती देख चालक और परिचालक वाहन से कूदकर जंगल की ओर भाग गए और किसी तरह अपनी जान बचाई। इस दौरान हाथी काफी देर तक सड़क के आसपास मौजूद रहा, जिससे नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और जाम की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इन दिनों करीब **10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है**। वन विभाग द्वारा हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है। घटना के बाद मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। वन क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सावधानी बरतें, हॉर्न न बजाएं और हाथियों के बेहद करीब जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें।
Read more :- Korba breaking :देवपहरी जलप्रपात में फंसे तीन दोस्त,रातभर टापू पर बिताई,वीडियो कॉल से मांगी मदद,मौके पर रेस्क्यू टीम









