नमस्ते कोरबा :: बिलासपुर और सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रतनलाल डांगी ने आज कोरबा पहुंचकर सिटी कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली की व्यवस्था की खुलेदिल से सराहना की और कोतवाली के 80 फीसदी कार्यों को बेहतर बताया। उन्होंने पदस्थ अमले के लिए पुरस्कार की भी घोषणा की।बिलासपुर और सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी आज मध्यान्ह, दो दिवसीय प्रवास पर कोरबा पहुंचे। नगर में पहुंचते ही उन्होंने सिटी कोतवाली कोरबा में दबिश दी। कोतवाली में पुलिस महानिरीक्षक के एकाएक पहुंच जाने से हड़कंप मच गया। सुखद यह रहा कि उनके आगमन के दौरान सिटी कोतवाली में कामकाज सामान्य रूप से चलता मिला। पुलिस महानिरीक्षक ने क्रम से सिटी कोतवाली के कार्यों का निरीक्षण और परीक्षण प्रारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जहां कोतवाली के रिकॉर्ड को दुरुस्त पाया, वही कार्यों के निष्पादन में भी संतोषप्रद प्रगति पाया। पुलिस महानिरीक्षक ने सिटी कोतवाली के नगर निरीक्षक विवेक शर्मा और उनकी टीम की खुलेदिल से सराहना की। पुलिस महानिरीक्षक ने अपराधों पर रोकथाम के लिए कोतवाली के अधिकारियों और पुलिस जवानों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही पुरस्कार की भी घोषणा की।

दूसरी ओर पुलिस महानिरीक्षक के कोतवाली पहुंचने की सूचना पाकर जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक कमलेश योगेश साहू भी तत्काल सिटी कोतवाली पहुंच गए। साथ ही साथ मीडिया भी सिटी कोतवाली पहुंच गई। कोतवाली के निरीक्षण के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले में पुलिसिंग को ज्यादा से ज्यादा बेहतर बनाये रखने का प्रयास किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोतवाली के कार्यों को संतोष जनक पाया गया है। कुछ कार्यों में और सुधार की गुंजाइश है, जिसके विषय में जिला पुलिस अधीक्षक को बताया गया है। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों में हमेशा और अधिक अच्छा करने की संभावना रहती है। इसे ही लक्ष्य मानकर विभाग के कार्य सम्पादित किये जाते हैं।










