*रविवार विशेष* : *कोरबा में लगा अनूठा मेला,जहां एक रुपये में मिल रही थीं खुशियां!गढ़कटरा में बच्चों के लिए सजा अनूठा संसार*
लगातार तीसरे साल लगा सबसे सस्ता मेला, 100 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा; प्रधान पाठक श्रीकांत बारिया की पहल बनी चर्चा का विषय
नमस्ते कोरबा :- मेले की रौनक, खान-पान की स्टॉल और रावण दहन का रोमांच… लेकिन गढ़कटरा के इस मेले की सबसे बड़ी खासियत न झूले थे और न ही कोई बड़ा आकर्षण। यहां खुशियों की कीमत महज एक रुपया थी। वनांचल के उन बच्चों के लिए यह मेला सजाया गया, जिनके लिए आर्थिक तंगी और आवागमन की मुश्किलों के कारण मेले तक पहुंचना भी आसान नहीं होता।
गढ़कटरा गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल में लगातार तीसरे वर्ष ‘सबसे सस्ता मेला’ आयोजित किया गया। विजयादशमी उत्सव के रूप में सजे इस मेले में 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने खान-पान की विभिन्न स्टॉल सजाईं और रावण दहन के साथ उत्सव का आनंद उठाया। मेले में केला, सेब, गुब्बारे, बिस्किट, मूंगदाल और गुलगुल भजिया जैसी सामग्री महज एक रुपये में उपलब्ध कराई गई। वहीं ग्रामीणों के लिए इनकी कीमत पांच रुपये रखी गई थी।
इस आयोजन के पीछे स्कूल के प्रधान पाठक श्रीकांत बारिया की एक संवेदनशील सोच है। वनांचल के कई बच्चे पालकों के रोजी-मजदूरी में व्यस्त रहने, आर्थिक तंगी, परिवहन सुविधा के अभाव और आसपास मेला नहीं लगने के कारण ऐसी खुशियों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे बच्चों को उनके गांव में ही मेले का अनुभव देने के उद्देश्य से यह अनूठी पहल शुरू की गई।
मेले में बच्चों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे। स्कूल परिसर में सजी स्टॉलों पर खरीदारी और उत्सव का माहौल देखते ही बना। समापन पर बच्चों और ग्रामीणों को मिठाई के डिब्बे व फल वितरित किए गए। गढ़कटरा का यह मेला साबित कर गया कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए बड़े बजट की नहीं, बड़ी सोच की जरूरत होती है। स्कूल की चारदीवारी में सजा यह छोटा-सा मेला वनांचल के बच्चों के लिए यादगार उत्सव बन गया।










