नन्हों की सुरक्षा में ढाल बने बड़े हाथी,सूंड से सहारा, कदम-कदम पर पहरा… हाथियों ने दिखाई परिवार की ताकत, देखिए यह दिलचस्प वीडियो
लेंगा के पास 60 से अधिक हाथियों का झुंड सड़क पार करता आया नजर, नन्हे हाथियों की अठखेलियों और बड़ों की सतर्कता का वीडियो वायरल
नमस्ते कोरबा :- जंगल की दुनिया में भी परिवार का महत्व कितना बड़ा होता है इसका एक भावुक कर देने वाला नजारा कोरबा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में देखने को मिला। ग्राम लेंगा के पास 60 से अधिक हाथियों का एक विशाल झुंड सड़क पार करता नजर आया। इस झुंड में बड़े-बुजुर्ग हाथियों के साथ कई नन्हे हाथी भी शामिल थे। सड़क पार करते हाथियों के इस पूरे कुनबे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में हाथियों का अनुशासन, आपसी तालमेल और बच्चों के प्रति उनकी चिंता साफ दिखाई दे रही है। सड़क पार करने के दौरान बड़े हाथियों ने छोटे हाथियों को अपने सुरक्षा घेरे में रखा। कोई आगे चलकर रास्ते का जायजा लेता नजर आया तो कोई पीछे रहकर झुंड के सदस्यों पर नजर बनाए रहा। इस दौरान नन्हे हाथी कभी मस्ती करते तो कभी इधर-उधर जाने की कोशिश करते दिखाई दिए। ऐसे में बड़े हाथी अपनी सूंड से उन्हें सहारा देकर और अपने करीब रखकर सुरक्षित सड़क पार कराते नजर आए।
हाथियों के इस दृश्य में सबसे खास बात यह रही कि पूरे झुंड ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़े हाथी जिस तरह उन्हें अपने बीच लेकर आगे बढ़ रहे थे, वह किसी भी इंसान को भावुक कर सकता है। प्रकृति के बीच कैद हुआ यह दृश्य सिर्फ वन्यजीवों की खूबसूरती नहीं, बल्कि परिवार, जिम्मेदारी और सामूहिक सुरक्षा का भी संदेश दे रहा है।
इंसानों के लिए भी एक सीख
आमतौर पर हाथियों को उनकी ताकत और विशालकाय शरीर के लिए जाना जाता है, लेकिन यह वीडियो उनके संवेदनशील पारिवारिक व्यवहार की झलक भी दिखाता है। नन्हे सदस्यों के प्रति बड़ों की चिंता और पूरे कुनबे का एकजुट होकर आगे बढ़ना बताता है कि परिवार की असली ताकत एक-दूसरे का साथ और सुरक्षा है। जंगल के इन बेजुबानों ने बिना कुछ कहे इंसानों को परिवार का महत्व समझा दिया।










