जंगल-पहाड़ छोड़ शहर पहुंचा खूबसूरत ‘हुदहुद’, सिर पर ताज और लंबी चोंच ने खींचा लोगों का ध्यान
नमस्ते कोरबा :- जंगल और पहाड़ी इलाकों में नजर आने वाला खूबसूरत परिंदा हुदहुद अब शहर में दिखाई दिया है। सिर पर निकले आकर्षक कलगी जैसे पंख, लंबी घुमावदार चोंच और अनोखे रंग-रूप के कारण इस पक्षी को देखकर लोग कौतूहल में पड़ गए। शहर के बीच इस दुर्लभ से दिखने वाले मेहमान की मौजूदगी ने पक्षी प्रेमियों का ध्यान भी खींचा है।
हुदहुद को अंग्रेजी में Eurasian Hoopoe कहा जाता है। इसकी सबसे खास पहचान सिर पर मौजूद पंखों की खूबसूरत कलगी है, जिसे यह जरूरत के मुताबिक खोलता और समेटता है। इसकी लंबी चोंच प्रकृति की एक खास देन है। इसी की मदद से यह जमीन और मिट्टी में छिपे कीड़े-मकोड़े, दीमक और उनके लार्वा निकालकर अपना भोजन करता है।
आमतौर पर खुले जंगलों, घास के मैदानों, झाड़ियों और ग्रामीण इलाकों में नजर आने वाला यह पक्षी भोजन की तलाश में अलग-अलग स्थानों तक पहुंचता है। शहर में इसकी मौजूदगी को देखकर लोग हैरान हैं। किसी ने इसे प्रकृति का खूबसूरत मेहमान कहा तो कोई इसके सिर पर सजे ताज और अनोखी बनावट को निहारता नजर आया।कुदरत का यह रंगीन मेहमान जहां भी नजर आए वहां कुछ पल ठहरकर इसे देखना लाजिमी है।
Read more :- बुधवारी बाजार में निगम की ‘वाहनबंदी’, सड़क पर दुकान लगाने की जगह भी छीनी!व्यापारियों ने मांगी व्यवस्थित जगह










