बुधवारी बाजार में निगम की ‘वाहनबंदी’, सड़क पर दुकान लगाने की जगह भी छीनी!व्यापारियों ने मांगी व्यवस्थित जगह
कल महिला दुकानदार और निगमकर्मियों के बीच हुआ था विवाद, आज सुबह से विवादित स्थल पर खड़े कर दिए निगम के वाहन; व्यापारियों ने मांगी व्यवस्थित जगह
नमस्ते कोरबा। बुधवारी बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम और फुटकर व्यापारियों के बीच चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। कल जहां महिला दुकानदार और निगम कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हुआ था वहीं आज सुबह निगम प्रशासन ने उसी विवादित स्थल के सामने सड़क के किनारे अपने वाहन खड़े कर दिए। इसके बाद सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। निगम की इस कार्रवाई को कल हुए विवाद के बाद प्रशासन के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। बाजार में अब निगम और फुटकर व्यापारियों के बीच खींचतान का माहौल है।
दरअसल गुरुवार को नगर निगम की टीम बुधवारी बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान एक महिला दुकानदार और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों तक पहुंच गया। महिला दुकानदार ने निगमकर्मियों पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया, जबकि निगम कर्मचारी की ओर से महिला पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया। दोनों पक्षों के परस्पर आरोपों के बाद मामला खासा चर्चित हो गया।
निगम ने वाहनों से घेर दी सड़क, व्यापारियों की बढ़ी मुश्किल
विवाद के अगले ही दिन निगम प्रशासन ने विवादित स्थल पर अपने वाहन खड़े कर दिए। इससे सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटकर व्यापारियों के लिए जगह नहीं बची। व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से यहां कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। बार-बार हटाए जाने के बजाय निगम को पहले उनके लिए व्यवस्थित वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करनी चाहिए।
मुकेश राठौर बोले- व्यवस्था की खामी से बन रहे विवाद के हालात
मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर भी बुधवारी बाजार पहुंचे और फुटकर व्यापारियों से चर्चा की। उन्होंने सड़क किनारे निगम के वाहन खड़े किए जाने को अनुचित बताते हुए व्यापारियों से भी निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही कारोबार करने की अपील की। राठौर ने कहा कि नगर निगम ने अपना बाजार और पौनी-पसारी जैसी व्यवस्थाएं तो बनाई हैं लेकिन वर्षों से सड़क किनारे कारोबार कर रहे जरूरतमंद व्यापारियों को वहां उचित स्थान नहीं मिल पाया। कई ऐसे व्यापारी हैं जिन्हें जगह देने के बजाय दूसरे लोगों को स्थान आवंटित कर दिया गया। इसी अव्यवस्था के कारण विवाद की स्थिति बन रही है।
जगह मिले तो सड़क छोड़ने तैयार हैं व्यापारी
फुटकर व्यापारियों का कहना है कि यदि नगर निगम उन्हें व्यवस्थित और उचित स्थान उपलब्ध करा दे तो वे सड़क किनारे कारोबार करने के बजाय वहां दुकान लगाने को तैयार हैं। उनका उद्देश्य केवल अपने परिवार का भरण-पोषण करना है। बार-बार हटाने और दुकान लगाने से रोकने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है।
आयुक्त ने बताया था वैकल्पिक व्यवस्था
इधर, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने पूर्व में स्पष्ट किया था कि बुधवारी बाजार में पौनी-पसारी और आनंद बाजार के रूप में पर्याप्त स्थान उपलब्ध हैं, जहां व्यापारी अपना व्यवसाय संचालित कर सकते हैं। निगम का कहना है कि कारोबार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था मौजूद है। हालांकि, व्यापारियों की मांग है कि उन्हें इन स्थानों पर वास्तविक रूप से व्यवस्थित जगह आवंटित की जाए, ताकि विवाद की नौबत ही न आए।










