डिप्टी सीएम अरुण साव के सामने पूर्व मंत्री जयसिंह का सीधा सवाल,”ढाई साल की ढाई उपलब्धियां गिना दीजिए”
नमस्ते कोरबा :- कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में गुरुवार को पत्रकारों के सम्मान का मंच अचानक सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने राज्य सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “सरकार पहले अपनी ढाई साल की ढाई उपलब्धियां ही जनता को बता दे।” उनके इस बयान के बाद पूरे समारोह का केंद्र राजनीतिक बयानबाजी बन गया।
प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाने पहुंचे थे। मंच पर उनके साथ उद्योग मंत्री एवं स्थानीय विधायक लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत तथा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित शहर के कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री काफी समय बाद कोरबा आए : जयसिंह
संबोधन के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने पहले प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं दीं लेकिन इसके बाद उन्होंने सरकार के विकास दावों पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री काफी समय बाद कोरबा आए हैं। यदि वे सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका, कटघोरा और बालको क्षेत्र का दौरा करें, तो उन्हें जिले के विकास की वास्तविक तस्वीर दिखाई दे जाएगी।
महापौर का कार्यकाल अभी केवल 16 माह का कामकाज का मूल्यांकन जल्दबाजी
उन्होंने कहा कि महापौर संजू देवी राजपूत का कार्यकाल अभी केवल 16 माह का है इसलिए उनके कामकाज का मूल्यांकन जल्दबाजी होगी। लेकिन राज्य सरकार ढाई साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी है, इसलिए जनता को उसके कामकाज का हिसाब जानने का अधिकार है।
कोरबा के विकास पर सार्वजनिक बहस के लिए तैयार
इसी दौरान उन्होंने मंच से ही उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखनलाल देवांगन की मौजूदगी में चुनौती देते हुए कहा, “सरकार अपनी ढाई साल की सिर्फ ढाई उपलब्धियां गिना दे।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है तो किसी भी मंत्री के साथ कोरबा के विकास पर सार्वजनिक बहस के लिए वह तैयार हैं। कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में अधिकारियों की गड़बड़ियों पर भी खुलकर सवाल उठाए गए थे।
पूर्व मंत्री के इस हमलावर तेवर का जवाब उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन और बाद में मीडिया से चर्चा के दौरान दिया
पूर्व मंत्री के इस हमलावर तेवर का जवाब उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन और बाद में मीडिया से चर्चा के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि जयसिंह अग्रवाल को पहले अपने कार्यकाल का आत्मविश्लेषण करना चाहिए। साव ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पांच वर्ष तक रही और नगर निगम में भी कांग्रेस का नेतृत्व था लेकिन जनता ने चुनाव में उनके कामकाज का जवाब दे दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
पत्रकारों के सम्मान और नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण के लिए आयोजित समारोह में सत्ता और विपक्ष के बीच हुई इस तीखी जुबानी जंग ने कार्यक्रम को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया। पूर्व मंत्री के चुनौतीपूर्ण बयान और उप मुख्यमंत्री के जवाब के बाद यह मुद्दा अब जिले की राजनीति में नई बहस का कारण बन गया है।
Read more :- पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव









