निःशुल्क डायलिसिस सेंटर की शुरुआत: MJM Hospital और Rotary Club की संयुक्त पहल, रोजाना 12 मरीजों को मिलेगा लाभ
नमस्ते कोरबा : स्वास्थ्य सेवा को मानवता की सर्वोच्च सेवा मानते हुए शहर के प्रतिष्ठित मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल (MJM Hospital) ने रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के सहयोग से एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है। 26 मई 2026, मंगलवार को सायं 4 बजे “रोटरी–MJM डायलिसिस सेंटर” का शुभारंभ किया जाएगा, जहां प्रतिदिन लगभग 12 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस केंद्र का उद्घाटन रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल के करकमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों में किडनी रोग से पीड़ित कई मरीज आर्थिक अभाव के कारण नियमित डायलिसिस नहीं करा पाते थे। ऐसे में यह केंद्र उनके लिए बड़ी राहत साबित होगा। यह पहल न केवल उपचार बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा और सहारा बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अस्पताल के संचालक डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि यह योजना समाज के प्रति उनकी सेवा भावना का विस्तार है। उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य सेवा हर व्यक्ति का अधिकार है और हमारा प्रयास है कि किसी भी मरीज का इलाज आर्थिक कारणों से बाधित न हो।”
कम समय में आधुनिक सुविधाओं और मानवीय सेवा के लिए पहचान बना चुके MJM Hospital ने शहरवासियों का गहरा विश्वास जीता है। अस्पताल प्रबंधन लगातार ऐसी योजनाओं को बढ़ावा दे रहा है, जो आमजन के लिए राहत और भरोसे का कारण बनें।
इस पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे कोरबा के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
Read more :- जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव,केंद्र एवं राज्य सरकार पर साधा निशाना
डर से परे एक रिश्ता, कोरबा में मॉनिटर लिजर्ड और परिवार की अनकही दोस्ती










