नववर्ष पर सुरक्षा का संकल्प: जिला पुलिस परिसर में सड़क सुरक्षा माह व महिला सुरक्षा सप्ताह का भव्य शुभारंभ
नमस्ते कोरबा : नव वर्ष 2026 के प्रथम दिन जिला पुलिस कार्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा माह और महिला सुरक्षा सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क हादसों में कमी लाना तथा महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमों की जानकारी और उनका पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सड़क सुरक्षा माह और महिला सुरक्षा सप्ताह को एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक और पुलिस तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि पूरे माह विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया। वहीं पुलिस विभाग की एक सराहनीय पहल के तहत पिछले दिनों चोरी या गुम हुए करीब 50 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और उन्होंने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि साइबर सेल की मदद से इन मोबाइलों का पता लगाया गया है।
सड़क सुरक्षा माह के तहत आगामी एक माह तक रैली, जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन सहित प्रशासन, पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह पहल सुरक्षित यातायात व्यवस्था और सशक्त महिला सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है।
Read more :- कोरबा में आज से मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, फ्लड लाइट में होगा रोमांचक क्रिकेट









