
छ्त्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) ने अपने उपभोक्ताओं को साइबर ठगों से सावधान रहने की सलाह दी है. इसमें बताया गया है कि बिजली बिल भुगतान न होने पर कनेक्शन काटे जाने संबंधी सूचना मोबाइल पर एसएमएस भेजकर साइबर ठग उपभोक्ताओं को भ्रमित कर अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की सूचना देने के लिए कंपनी हमेशा अधिकृत एसएमएस CSPDCL सेंडर आईडी के साथ भेजता है. इसलिए इस तरह का कोई भी मैसेज आने पर एक बार ये कंफर्म करें कि मैसेज CSPDCL की आईडी से ही आया है या नहीं.
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि CSPDCL अपने उपभोक्ताओं को इस तरह के एसएमएस नहीं भेजता है. कंपनी ने अपने सभी उपभोक्ताओं को ऐसे किसी भी अनाधिकृत एसएमएस को नजरअंदाज करने की सलाह दी है. इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अकाउंट पर उपलब्ध CSPDCL Mor Bijlee App के अलावा किसी अन्य ऐप को डाउनलोड न करने की सलाह दी है. या आप कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर अपने संदेह का समाधान कर सकते हैं.









