नमस्ते कोरबा :-: लघु भारत कहे जाने वाले कोरबा में दीपावली से पहले ही बाजार में खासा रंग चढ़ा हुआ है। पूर्वांचल के प्रमुख पर्व छठ पूजा तक रौनक रहेगी। मुख्य बाजार वाले क्षेत्र में कई कारणों से कारोबारियों को व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया है। जबकि हसदेव बांयी तट नहर राताखार मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। किसी भी स्थिति में नियम टूटने पर कार्रवाई होगी।
पहले से ही यातायात पुलिस ने संबंधित क्षेत्रों का जायजा लेने का काम कर लिया है। इसी के साथ सुरक्षा कारणों से नहर पुल के पास यातायात पुलिस के अलावा जवानों को नियुक्त किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। दीपावली के पांच दिवसीय पर्व के पहले ही बाजार में रौनक कायम है। गुरुवार को तिथि विशेष पर काफी भीड़भाड़ रही। सोना-चांदी, इलेक्ट्रानिक्स, टेक्सटाइल्स, ऑटोमोबाइल सेक्टर में काफी चहल-पहल रही।
अनुमान है कि 200 करोड़ से ज्यादा का धन लोगों की जेब से दुकानों तक पहुंचा। अब धनतेरस और दीपावली की प्रतीक्षा की जा रही है। इन सब कारणों से आगे होने वाली स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के द्वारा जरूरी तैयारी की जा रही है। पीएच रोड में सड़क के दोनों तरफ दुकानें और शॉपिंग काम्प्लेक्स होने से काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां पर जाम की स्थिति निर्मित होती है और इसे सामान्य करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। इसलिए साफ तौर पर कह दिया गया है कि व्यवसायियों को अपना कामकाज कुल मिलाकर दुकान के भीतर ही करना होगा। ऐसा कोई प्रयास ना किया जाए जिसके कारण मुख्य मार्ग और आस-पास की व्यवस्था पर इसका असर पड़े। किसी भी स्तर से व्यवस्था गड़बड़ाती है तो इसके लिए कारोबारियों और अन्य संबंधितों पर एक्शन होगा।







