नमस्ते कोरबा ::प्रभार के दन्तेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिलों के सामाजिक संगठनों के प्रमुखों के साथ वर्चुअल बैठक के जरिए हुई वार्ता।
संक्रमण को रोकने मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें एवं 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोग कोरोना टीका अवश्य लगवाएं।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम में सामाजिक संगठन करें सहयोग।
संबंधित जिला कलेक्टरों ने जिले में कोरोना की स्थिति से अवगत कराया।


दन्तेवाड़ा के जिला कलेक्टर दीपक सोनी ने राजस्व मंत्री को बताया कि वर्तमान समय में बचेली, किरंदूल और बीजापुर सहित जिले में आईसोलेशन के 1053 बिस्तरों की सुविधा है जिसमें आईसीयू और नॉन-आईसीयू बेड शामिल हैं। कलेक्टर सोनी ने बताया कि आवश्यकतानुसार शीघ्र ही 400 बिस्तरों की सुविधा बढ़ा ली जाएगी। जिले में ऑक्सीजन सपोर्ट वाले 30 बिस्तर और आईसोलेशन सर्पाेट वाले 178 बेड जबकि बिना सपोर्ट वाले 875 बेड उपलब्ध हैं। कलेक्टर सोनी ने आगे बताया कि जिले मे कुल सघन चिकित्सा इकाईयों में 25 और आईसीयू के 30 बेड की सुविधा है, 11 वेंटीलेटर, 160 बडे ऑक्सीजन सिलिडरों और 186 छोटे ऑक्सीजन सिलिंडरों की सुविधा भी उपलब्ध है। कलेक्टर सोनी ने राजस्व मंत्री को अवगत कराया कि जिले में फिलहाल कुल 146 एक्टिव मामले हैं जिनमें 61 चिकित्सालय में भर्ती हैं और 85 मामले होम आईसोलेशन में हैं। श्री सोनी आगे बताया कि कुल 1,02,218 व्यक्तियों की जांच की गई जिनमें से कुल 6337 पॉजिटिव पाए गए थे इस प्रकार पॉजिटिव दर 6.19 प्रतिशत रही जबकि 6181 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होनें आगे बताया कि जिले में 3 माईक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं और सप्ताह में दो दिन रविवार और बुधवार का लॉकडाऊन भी लगाया गया है। श्री सोनी ने बताया कि वैक्सीनेशन के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य 2700 टीकाकरण का है जबकि लगभग 3500 टीकाकरण प्रतिदिन किया जा रहा है। अभी तक 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 31544 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है।
सुकमा जिला कलेक्टर विनीत नन्दनवार ने बताया कि वर्तमान में कुल 61 एक्टिव मामले हैं और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। टीकाकरण का कार्य सुचारू ढंग से संचालित हो रहा है और प्रतिदिन के निर्धारित लक्ष्य से अधिक का टीकाकरण हो रहा है। वॉलिंटियर्स लोगों को निगरानी और सहयोग कार्यों पर लगाया गया है।
बीजापुर कलेक्टर रितेश अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि जिले में मात्र 34 एक्टिव मामले हैं और स्थित को काबू में रखने के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक ही दैनिक गतिविधियां संचालन की अनुमति दी गई है। प्रतिदिन का निर्धारित लक्ष्य 2500 टीकाकरण के एवज में लगभग 3000 टीकाकरण प्रतिदिन किया जा रहा है। कलेक्टर अग्रवाल ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 60 हजार व्यक्ति हैं जिनमें से 18 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है और यथा आवश्यकता हर चुनौती का सामना करने के लिए जिला प्रशासन तैयार है।
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला कलेक्टर नम्रता गांधी ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में 315 एक्टिव मामले हैं। वैक्सिीनेशन की जानकारी देते हुए कलेक्टर गांधी ने बताया कि जिले में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों में 82000 की संख्या है और जिले में 85600 व्यक्तियों के टीकाकरण का लक्ष्य है जबकि अभी तक 35 हजार व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है। प्रतिदिन के निर्धारित लक्ष्य 3600 के एवज में लगभग 6000 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा रहा है। नम्रता गांधी ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले वासियों को कोरोना संक्रमण से बचाने जिला प्रशासन हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
चारों ही जिलों के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुखों ने प्रभारी मंत्री श्री अग्रवाल को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी अपील व सुझाव का वे लोग अपने अपने क्षेत्र में अवश्य पालन करवाएंगे और जिला प्रशासन को यथासंभव हर तरह से सहयोग करने के लिए वे तत्पर रहेंगे। समाज प्रमुखों ने प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश के नागरिकों की हितैषी सरकार ने जिला प्रशासन के माध्यम से अस्पतालों में दवाईयों के साथ ही वैक्सीनेशन की उचित व्यवस्था कर रखी है और लोग स्वप्रेरित होकर टीकाकरण के लिए निर्धारित अपने नजदीकी केन्द्रों में पहुंच रहे हैं।
बैठक में एन.एम.डी.सी. के अधिकारी ने प्रशासन को भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया वहीं दन्तेवाड़ा प्रभारी सचिव चंपावत, सुकमा प्रभारी सचिव निरंजन बंसोड़, जीपीएम जिला प्रभारी सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहयोग करने की बात कही। उपर्युक्त सभी जिलों से बैठक में दन्तेवाड़ा की क्षेत्रीय विधायक देवती कर्मा, और बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, अग्रवाल समाज, कंवर समाज, अलवा समाज, मुस्लिम समाज, साहू समाज, राठौर समाज, माहेश्वरी समाज, ब्राह्मण समाज, सतनामी समाज, जैन समाज, राजस्थानी समाज और ईसाई समाज के अलावा विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए जिन्होंने प्रभारी मंत्री द्वारा समाज के लिए की गई अपील के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।









