नमस्ते कोरबा::यह गनीमत है कि कोरबा में हर दिन मिलने वाले नए कोरोना मरीजों की संख्या 100 से भी अधिक होने के पहले प्रशासन और नगर निगम नींद से जागकर अंगड़ाई सा लेने लगा है। शायद इसका ही परिणाम था कि आज, शहर की सड़कों पर निगम की ओर से अनिवार्य मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की चेतावनी देते हुए मुनादी की जा रही थी शहर की सड़कों पर हो रही आज बुधवार को हो रही इस मुनादी में, मास्क नहीं लगाने वालों और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी जा रही थी। वही यह बात भी सौ फ़ीसदी सही है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरों के बावजूद कोरबा में स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम तथा जिला प्रशासन को जितनी सतर्कता बरतनी चाहिए, उसका पूरी तरह अभाव दिखाई दे रहा है। शहर में 80% से भी अधिक लोग अभी भी बिना मास्क के घूम रहे हैं। विडंबना यह है कि बाइक पर बिना मास्क के तीन तीन सवारी बाइक पर फर्राटा भरने वालों को देख कर भी चौक चौराहों पर जमे पुलिस और यातायात विभाग के जवान उन पर कार्यवाही करना तो दूर वरन कुछ कहते तक नहीं। वहीं शहर के सब्जी बाजार में सब्जी और दूसरे सामान खरीदने वालों की रेलम-पेल कोरोना विस्फोट की आशंका को बढ़ा रहा है। इन बाजारों में कोई दुकानदार मास्क लगाए नहीं दिखते। वहीं ग्राहकों की भीड़ में भी 10% को छोड़कर बाकी 90% लोग बिना मास्क के खरीददारी करते दिखाई दे रहे हैं। सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालयों, केंद्र सरकार के उपक्रमों,और शहर भर की दुकानों में चंद अपवाद छोड़कर कोई भी व्यक्ति मास्क लगाकर बैठा नहीं दिखाई देता। कायदे से कोरोना संक्रमण से शहर को बचाने के लिए सप्ताह भर पहले से ही जरूरी ऐतिहाती कदम पूरी मजबूती से उठाए जाने चाहिए थे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया। ऐसा लगता है कि शहर के कर्णधार अधिकारी कोरबा में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए, सड़कों पर, चौक चौराहों पर और गली मुहल्लों में तब सख्ती बरतेंगे। जब कोरबा में भी दुर्ग और रायपुर की तरह कोरोना का ग्राफ ऊंचा और ऊंचा होता चला जाएगा।
वही छत्तीसगढ़ सरकार ने मास्क नहीं लगाने पर जुर्माने की राशि बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया है। अभी तक मास्क नहीं लगाने पर 200 रुपया जुर्माना वसूला जा रहा था। राज्य मंत्रिपरिषद के प्रवक्ता और कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने यह जानकारी दी है।
कोरोना की दूसरी लहर के बीच सरकारी सख्ती तेज होती दिख रही है। कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने बताया, प्रदेश में लॉकडाउन या नाइट कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं है। ऐसा नहीं किया जाएगा। सरकार ने रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के कलेक्टरों को कड़ाई करने के निर्देश दिए हैं। सरकारी और सामाजिक कार्यक्रमाें में एक जैसी कड़ाई होगी। कृषि मंत्री रविंंद्र चौबे ने बताया, मास्क नहीं लगाने वालों पर जुर्माना बढ़ा दिया गया है। अब यह 500 रुपए वसूला जाएगा। अभी तक मास्क नहीं लगाने वालों से 200 रुपए का जुर्माना वसूला जा रहा था।